महालक्ष्मी नगर: बेहिसाब व्यावसायिक निर्माण,रहवासी परेशान।

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

इंदौर। बॉम्बे हॉस्पिटल के पास महालक्ष्मी नगर क्षेत्र में आवासीय भूखंडों पर व्यावसायिक गतिविधियां लगातार बढ़ती ही जा रही हैं। आवासीय भूखंडों पर नियमों को ताक पर रखकर होटल, शोरूम और हॉस्टल बनते जा रहे हैं जिससे रहवासियों का सुकून से रहना मुश्किल होता जा रहा है। इस आवासीय कॉलोनी के हर सेक्टर में दुकानें, शोरूम और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं और यह सिलसिला थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। क्षेत्र के रहवासी संघों की ओर से लगातार आपत्ति दर्ज कराने के बावजूद नगर निगम कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है।

आवासीय भूखंड पर व्यावसायिक गतिविधियों पर रोक के लिए निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को आवेदन दिए जा रहे हैं, लेकिन सब जानते हुए भी अधिकारी कुछ नहीं कर पा रहे हैं। महालक्ष्मी नगर के रहवासियों का कहना है कि पिछले कुछ सालों में इस क्षेत्र में होटल और हॉस्टल तो ऐसे बन गए हैं, जैसे यह क्षेत्र रहवासी क्षेत्र न होकर व्यावसायिक हो गया हो। महालक्ष्मी नगर के सेक्टर एम.आर.1 के अलावा सेक्टर एम.आर. 5 और चिकित्सक नगर में भी अनेकों व्यावसायिक निर्माण हो चुके हैं। रहवासी संघों ने निगम को तो कई बार शिकायत की, फिर भी सख्त कार्रवाई नहीं हुई। विगत दिनों निगम ने कुछ एक अवैध भवन को तोड़ने की कार्रवाई के अलावा अवैध तरीके से संचालित व्यावसायिक गतिविधियों को रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया।

रहवासी क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित होटलों और हॉस्टल में अनैतिक गतिविधियों के मामले भी कई बार सामने आ चुके हैं। कुल मिलाकर रहवासी क्षेत्र में बेतरतीब ढंग से बढ़ते व्यावसायिक निर्माण पर अंकुश लगना जरूरी है, जिससे कि रहवासी सुकून से क्षेत्र में रह सकें, इसके लिए आवश्यक है कि निगम द्वारा सतत रूप से ठोस कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।

Hindustan News 9
Author: Hindustan News 9

Author Vijay Patel

Contact Us:- 85169 18400

और पढ़ें