इंदौर में नवरात्र के दौरान एक परिवार ने जोमैटो के माध्यम से महालक्ष्मी नगर स्थित नाइट किंग होटल से वेज कॉम्बो और चिली पनीर ऑर्डर किया, लेकिन उन्हें चिली चिकन डिलीवर कर दिया गया। इससे परिवार की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
नवरात्र पर्व के दौरान जब ज्यादातर हिंदू धर्मावलंबी मां जगदंबा की आराधना में लीन रहते हुए शुद्ध सात्विक भोजन को प्राथमिकता देते हैं, ऐसे समय में ऑनलाइन फूड डिलीवरी में जोमैटो और होटल नाइट किंग की बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है। एक परिवार ने ऑनलाइन वेज डिश ऑर्डर की थी, लेकिन उसके घर पर नॉनवेज डिश डिलीवर कर दी गई। इससे परिवार की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।

उपभोक्ता राहुल तिवारी ने बताया कि रविवार शाम उनके घर में नवरात्र की पूजा चल रही थी। इसी दौरान उन्होंने जोमेटो ऐप के जरिए वेज कॉम्बो मील के साथ चिली पनीर ऑर्डर किया था। करीब 15 मिनट में 363 रुपये का कॉम्बो मील का ऑर्डर उनके घर पहुंच गया।

पैकेट खोला तो रह गए हैरान
जब परिवार ने पैकेट खोला तो उसमें कॉम्बो मील के बाकी व्यंजन सही थे, लेकिन एक पैकेट में चिली पनीर की जगह चिली चिकन नजर आया। यह देखकर सभी स्तब्ध रह गए। पूजा और व्रत के माहौल में नॉनवेज भोजन मिलने से परिवार ने तुरंत उस खाने को अलग रख दिया और इस पर आपत्ति जताई।

एप पर दर्ज कराई शिकायत
पीड़ित ने तुरंत ऐप पर इसकी शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद कंपनी ने अपनी गलती मानते हुए पूरी राशि वापस कर दी। हालांकि संबंधित रेस्टोरेंट ‘नाइट किंग’ ने अपनी गलती तो मानी, लेकिन इसके बावजूद पार्सल वापस लेने से इंकार कर दिया।

इस घटना के बाद राहुल तिवारी ने सोमवार को लसूडिया थाने में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। राहुल तिवारी ने इस मामले में उपभोक्ता आयोग में भी जाने की बात कही है।
Author: Hindustan News 9
Author Vijay Patel








