
इंदौर। शहर के यातायात को सुगम, सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त, नगरीय इंदौर श्री संतोष कुमार सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त श्री मनोज कुमार श्रीवास्तव के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपायुक्त (यातायात प्रबंधन) श्री अरविंद तिवारी के निर्देशन में निरंतर प्रयास यातायात पुलिस द्वारा प्रभावी प्रयास किये जा रहे है।
दिनांक 7 अगस्त 2025 को यातायात पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक नियमों के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ाने के उद्देश्य से नॉर्बट स्कूल ऑफ़ एक्सिलेंस में यातायात जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया।

इस कार्यशाला का नेतृत्व सहायक पुलिस आयुक्त (यातायात) श्री सुदेश सिंह द्वारा किया गया, जिसमें उनके साथ यातायात विभाग से सूबेदार श्री सुमित बिलोनिया, प्रधान आरक्षक श्री रणजीत सिंह भी उपस्थित रहे। कार्यशाला में विद्यालय के 500 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यशाला के दौरान बच्चों को संवाद के माध्यम से सड़क पर सुरक्षित चलने के तरीके, ट्रैफिक सिग्नल्स की पहचान, जेब्रा क्रॉसिंग का महत्व, हेलमेट और सीट बेल्ट के उपयोग सहित कई महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त नाबालिग बच्चों को वाहन न चलाने की सख्त हिदायत दी गई। श्री सुधेश सिंह ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें न केवल स्वयं नियमों का पालन करने बल्कि अपने माता-पिता, परिजनों और आस-पास के लोगों को भी ट्रैफिक नियमों का पालन करवाने हेतु प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि, “बच्चे समाज का भविष्य हैं और यदि वे अभी से ट्रैफिक के प्रति सजग हो जाएं, तो आने वाला कल सड़क सुरक्षा की दृष्टि से और बेहतर हो सकता है।

विद्यालय प्रबंधन ने इंदौर यातायात पुलिस का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं छात्रों के लिए अत्यंत लाभकारी हैं और इससे उनका व्यवहार सड़क पर अधिक अनुशासित बनता है।यातायात पुलिस इंदौर का यह प्रयास लगातार शहर में सड़क सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर नागरिकों को जागरूक करने हेतु जारी रहेगा।
Author: Hindustan News 9
Author Vijay Patel









